अलवर , नवम्बर 04 -- राजस्थान में अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित हैवेल्स कंपनी के बाहर दिवाली बोनस कीमांग को लेकर पिछले दो दिनों से चल रहा श्रमिकों का धरना-प्रदर्शन आखिरकार समाप्त हो गया।
कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच हुई वार्ता में कई मांगों पर सहमति बनने के बाद श्रमिकों ने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। श्रमिकों के आंदोलन को समाप्त कराने के लिए श्रम विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बातचीत कराकर सहमति बनाने के प्रयास किए। काफी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी।
वार्ता में सहमति बनी कि श्रमिकों को दिवाली का बोनस जल्द दिया जाएगा। इसके साथ ही पिछले दो दिनों से हड़ताल और धरने में शामिल रहने वाले श्रमिकों के वेतन में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी। श्रमिकों की एक अन्य महत्वपूर्ण मांग पर सहमति जताते हुए मार्च से काम के घंटे घटाकर आठ घंटे प्रतिदिन करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा कंपनी में ड्यूटी पर देरी से पहुंचने वाले श्रमिकों के वेतन से भी कोई कटौती नहीं की जाएगी। इन मांगों पर सहमति बनने के बाद श्रमिक संतुष्ट हो गये और दो दिन से जारी आंदोलन समाप्त हो गया।
उल्लेखनीय है कि दिवाली बोनस की मांग को लेकर सैकड़ों श्रमिक कंपनी के द्वार पर एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। श्रमिकों का कहना था कि जब कंपनी के अन्य कर्मचारियों को दिवाली बोनस दिया जा रहा है, तो उन्हें भी त्योहार के अवसर पर बोनस मिलना चाहिए। आखिरकार प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बातचीत के बाद विवाद का समाधान निकल गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित