भोपाल , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश पुलिस की एसटीएफ और एसआईटी को बड़ी सफलता मिली है। हैरी बॉक्सर गैंग के सक्रिय सदस्य एवं 20 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी प्रदीप शुक्ला को मुरैना जिले से गिरफ्तार किया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार अशोकनगर, इंदौर, भोपाल एवं खरगोन जिलों में घटित संगठित अपराधों की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसटीएफ डी. श्रीनिवास वर्मा के पर्यवेक्षण और उप पुलिस महानिरीक्षक राहुल लोढ़ा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
उल्लेखनीय है कि 11-12 फरवरी को अशोकनगर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक व्यापारी को लॉरेंस विश्नोई गैंग का सदस्य बताकर हैरी बॉक्सर द्वारा फिरौती की धमकी दी गई थी। इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी प्रदीप शुक्ला घटना के बाद से फरार था। जांच में सामने आया कि प्रदीप शुक्ला ने सह-आरोपियों को फरियादी के घर की रेकी और फायरिंग के निर्देश दिए थे तथा गोरमी (भिण्ड) और गोवा से ऑनलाइन माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ फिरौती, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के कुल नौ प्रकरण दर्ज हैं। फरारी के दौरान वह राजस्थान, पंजाब और उत्तरप्रदेश में लगातार स्थान बदलकर रह रहा था। एसटीएफ और एसआईटी की संयुक्त टीम ने लगातार पतारसी के बाद 8 अप्रैल को मुरैना जिले के शिकारपुर क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित