पटना , सितम्बर 26 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने न्यूजीलैंड के हैमिल्टन में आयोजित 'विकसित भारत रन 2026-सेवा पखवाड़ा' में भाग लिया।
बिहार विधानसभा सचिवालय से जारी सूचना के अनुसार भारत के महावाणिज्य दूतावास, ऑकलैंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के 100 से अधिक सदस्यों के साथ स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
लेक कैनुई में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, फिटनेस, सामुदायिक एकता और सेवा की भावना से जोड़ना था। आसमान में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ। विभिन्न आयु एवं वर्गों के लोगों ने अलग-अलग समूहों में रन में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर भारत के महावाणिज्यदूत डॉ. मदन मोहन सेठी और काउंसलर श्री संजीव कुमार भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रतिभागियों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने नियमित व्यस्तताओं से अलग एक साथ आकर स्वास्थ्य और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने सामुदायिक भावना और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समुदाय के प्रमुख सदस्यों और नेताओं का भी सहयोग रहा। बाला भास्कर और डॉ. लक्ष्मी सहित अनेक सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित