हैदराबाद , अप्रैल 30 -- जीएमआर स्पोर्ट्स ने रग्बी इंडिया के साथ मिलकर गुरुवार को हैदराबाद में सीजन 2 प्लेयर नीलामी और ड्राफ्ट सफलतापूर्वक संपन्न किया। सभी फ्रेंचाइजियों ने आगामी एचएसबीसी रग्बी प्रीमियर लीग सीजन के लिए मजबूत और प्रतिस्पर्धी टीमों का गठन कर लिया है।
भारतीय रग्बी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण के रूप में, महिला फ्रेंचाइज़ियों ने भी पहली बार ऑक्शन और ड्राफ्ट में भाग लिया, जिसमें चेन्नई बुल्स, मुंबई ड्रीमर्स, कोलकाता बंगा टाइगर्स और दिल्ली रेड्ज टीमें है। पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताएँ 16 जून से 28 जून तक हैदराबाद के गाचीबौली स्टेडियम में आयोजित की जाएंगी।
नीलामी और ड्राफ्ट लीग के लिए छह पुरुष और चार महिला फ्रेंचाइज़ियों ने अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और उभरती भारतीय प्रतिभाओं के संतुलित संयोजन के साथ अपनी रणनीतिक टीमों का चयन किया। पुरुष वर्ग में पश्चिम बंगाल के सुमित कुमार रॉय 3.75 लाख में हैदराबाद हीरोज के साथ सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बने। उनके बाद मोहित खत्री 3.5 लाख में चेन्नई बुल्स के साथ रहे, जबकि दीपक कुमार पुनिया और प्रशांत अरविंद प्रताप सिंह को क्रमशः दिल्ली रेड्ज़ और कोलकाता बंगा टाइगर्स ने 2.75 लाख में चुना।
महिला नीलामी में दिल्ली की शिखा यादव 2.4 लाख में दिल्ली रेड्ज़ के साथ सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी रहीं। उनके बाद भूमिका शुक्ला 2.2 लाख में मुंबई ड्रीमर्स के साथ रहीं, जबकि निर्मल्या राउत और अमनदीप कौर को क्रमशः कोलकाता बंगा टाइगर्स और चेन्नई बुल्स ने 1.6 लाख में चुना।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित