हैदराबाद , मार्च 31 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) और सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियोंने संयुक्त अभियान में राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैंकॉक से आये दो यात्रियों के पास से 25.45 किलोग्राम 'हाइड्रोपोनिक गांजा' जब्त किया है।

विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, डीआरआई हैदराबाद जोनल यूनिट (एचजेडयू) के अधिकारियों ने हैदराबाद सीमा शुल्क की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) के साथ मिलकर इन दो भारतीय यात्रियों को उतरते ही रोक लिया। उनके सामान की गहन तलाशी लेने पर हरे रंग के गांठदार पदार्थ के पैकेट बरामद हुए। इनकी जांच से उनके 'हाइड्रोपोनिक गांजा' होने की पुष्टि हुई।

जब्त किये गये इस प्रतिबंधित मादक पदार्थ की कीमत लगभग 8.9 करोड़ रुपये आंकी गयी है। दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मंगलवार को जारी डीआरआई के बयान के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित