हैदराबाद , सितंबर 30 -- कोरियन कल्चरल सेंटर और तेलंगाना सरकार ने भारत और कोरिया के बीच सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये हैं।
इस साझेदारी के तहत पहली पहल के रूप में दोनों पक्ष 25 अक्टूबर को हैदराबाद के शिल्पकला वेदिका में 'कोरिया कल्चर डे 2026' का संयुक्त आयोजन करेंगे।
सेंटर की एक विज्ञप्ति के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य तेलंगाना के लोगों को कोरियाई संस्कृति से करीब से जुड़ने और उसे अनुभव करने का अवसर देना है। कार्यक्रम में के-पॉप, कोरियाई पारंपरिक प्रस्तुतियां, कोरियाई भोजन, के-ब्यूटी और कोरियाई संस्कृति से जुड़ी प्रदर्शनियां शामिल होंगी। भारत और कोरिया की सांस्कृतिक झलकियों को एक साथ प्रस्तुत करने के माध्यम से दोनों देशों के बीच आपसी समझ और लोगों के बीच जुड़ाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
कोरियन कल्चरल सेंटर के निदेशक ह्वांग इल योंग ने कहा, " सांस्कृतिक आदान-प्रदान लोगों के बीच मजबूत और लंबे समय तक चलने वाले संबंध बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। मुझे खुशी है कि कोरियन कल्चरल सेंटर तेलंगाना सरकार के साथ मिलकर हैदराबाद में 'कोरिया कल्चर डे 2026' आयोजित कर रहा है। मुझे उम्मीद है कि इस आयोजन के जरिए अधिक से अधिक लोगों को कोरियाई संस्कृति की समृद्धि और विविधता को करीब से जानने का अवसर मिलेगा और भारत-कोरिया की दोस्ती और मजबूत होगी।"यह पहल अप्रैल 2026 में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग की भारत यात्रा के बाद भारत-कोरिया सांस्कृतिक सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति ली ने दोनों देशों के बीच लोगों के बीच संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया था।
हैदराबाद के कार्यक्रम के अलावा नयी दिल्ली के कोरियन कल्चरल सेंटर में वार्षिक कोरियाई सांस्कृतिक महोत्सव 'कोरिया कल्चर डे 2026 (रंग दे कोरिया)' भी आयोजित करेगा। यह कार्यक्रम 23 और 24 अक्टूबर को सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल, नयी दिल्ली में होगा। इस तरह कोरियन कल्चरल सेंटर अक्टूबर में दिल्ली और हैदराबाद, दोनों शहरों में कोरियाई संस्कृति को भारतीय दर्शकों तक पहुंचाएगा।
यह साझेदारी कोरियन कल्चरल सेंटर के भारत के अलग-अलग हिस्सों में कोरियाई संस्कृति की पहुंच बढ़ाने और स्थानीय समुदायों के साथ जुड़ाव मजबूत करने के प्रयासों को आगे बढ़ाती है। इस प्रक्रिया में हैदराबाद के मानद कोरियाई महावाणिज्यदूत सुरेश चुक्कापल्ली ने तेलंगाना सरकार और कोरियन कल्चरल सेंटर के बीच संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित