हैदराबाद , मई 05 -- तेलंगाना के मेडचल-मल्काजगिरि जिले के बाचुपल्ली में फर्नीचर की दुकानों में भीषण आग लग गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात के आसपास प्रगति नगर से बाचुपल्ली जाने वाली मुख्य सड़क पर 'माई स्पेस' के पास स्थित छह फर्नीचर की दुकानों में अचानक से आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

आग की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों के साथ छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाने में सफल रहीं।स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी इलाके में इसी तरह की आग लग चुकी है, जिससे बार-बार होने वाली सुरक्षा समस्याओं को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित