हैदराबाद , सितंबर 02 -- तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में कमिश्नर टास्क फोर्स और बालापुर पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में जाली मुद्रा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में चलाने में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,91,100 रुपये मूल्य के जाली नोट बरामद किए हैं, जिनमें 500 रुपये के 437 नोट, 100 रुपये के 648 नोट और 200 रुपये के 39 नोट शामिल हैं। इसके अलावा नोट छपाई में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामावत रामू उर्फ मोहम्मद (36), रामावत मोतीलाल (35) और रामावत गांधी (19) के रूप में हुई है। ये सभी चिंताला थांडा के निवासी हैं। मामले में नागोले का रहने वाला एक अन्य आरोपी सुधीर जॉन चेला उर्फ वंशी फिलहाल फरार है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रामू और मोतीलाल ने कथित तौर पर यूट्यूब और इंस्टाग्राम के जरिए जाली नोट बनाने की कला सीखी थी। इसके बाद उन्होंने एक कलर प्रिंटर, स्कैनर और अन्य सामग्री खरीदी तथा मुख्य रूप से रात के समय शराब की दुकानों और सब्जी बाजारों में इन नकली नोटों को चलाना शुरू कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित