फिरोजाबाद , जुलाई 31 -- हैदराबाद में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में फिरोजाबाद पुलिस के दो मुख्य आरक्षियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया है।

23 से 30 जुलाई तक हैदराबाद में आयोजित प्रतियोगिता की पेंचक सिलाट स्पर्धा में फिरोजाबाद में तैनात मुख्य आरक्षी रामू सिंह सिसोदिया और मुख्य आरक्षी गिरधारी सिंह ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, तकनीकी दक्षता और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।

पुलिस विभाग के अनुसार, दोनों खिलाड़ी इससे पहले भी ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें खेल कोटे से पदोन्नति भी मिल चुकी है। ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिताओं में यह उनका दूसरा पदक है।

इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद और उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित