हैदराबाद , सितंबर 25 -- तेलंगाना में हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने शुक्रवार को कहा कि शहरभर में गणेश विसर्जन का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और अब तक 10,300 से अधिक मूर्तियों का विसर्जन किया जा चुका है।

श्री सज्जनार ने कमांड कंट्रोल सेंटर में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि खैरताबाद गणेश विसर्जन पूरा हो चुका है, जबकि बालापुर जुलूस तय समय से लगभग एक घंटा पहले ही खत्म हो गया। पुराने शहर, राजेंद्रनगर और गोलकोंडा इलाकों से भी जुलूस निकल रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ऐप के जरिए लगभग 14,850 मूर्तियों को जियो-टैग और रजिस्टर किया गया था, जिनमें से लगभग 10,300 का विसर्जन हो चुका है और करीब 4,500 का विसर्जन अभी बाकी है।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि मलकजगिरी से आने वाली मूर्तियों को संभालने के लिए अतिरिक्त इंतज़ाम किए गए थे, खासकर इसलिए क्योंकि कपरा झील में विसर्जन के लिए पर्याप्त पानी नहीं था। अलग-अलग जगहों पर लगभग 30 क्रेन (अतिरिक्त क्रेन सहित) और छोटे तालाबों का इंतज़ाम किया गया था। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे थे और छोटी मूर्तियां भी जुलूस में शामिल हो रही थीं, जिससे यातायात में कुछ रुकावटें आयी और छोटी-मोटी चुनौतियां भी सामने आयी। विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पुलिसकर्मी, स्वयंसेवक और एनएसएस टीमें पूरी रात काम कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित