नयी दिल्ली , सितंबर 16 -- उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन हैदराबाद मुक्ति दिवस के अवसर पर गुरुवार को सिकंदराबाद परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

संस्कृति मंत्रालय की यहां बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, जी. किशन रेड्डी और श्री बंदी संजय कुमार, मलकाजगिरि के सांसद एटाला राजेंदर, संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीर रंजन सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की परेड का निरीक्षण करेंगे जिसमें इन बलों की कुल 10 टुकड़ियां भाग लेंगी।

इस कार्यक्रम के दौरान "हैदराबाद विमोचनम" विषय पर एक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा। सालार जंग संग्रहालय में आयोजित हैदराबाद मुक्ति दिवस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रगान "वंदे मातरम" का सामूहिक गायन भी शामिल होगा।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कार्यक्रम स्थल पर एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया है। हरियाणा के पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने बुधवार को इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में हैदराबाद मुक्ति दिवस से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता से संबंधित विषयों को भी प्रदर्शित किया गया है। पहले दिन हजारों स्कूली छात्रों ने प्रदर्शनी का भ्रमण किया। इस समारोह के दौरान भारत में पूर्ववर्ती हैदराबाद राज्य के विलय के ऐतिहासिक अध्याय को याद किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित