हैदराबाद , मई 20 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की हैदराबाद जोनल इकाई के अधिकारियों ने यहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर 3.05 करोड़ रुपये मूल्य की 8.705 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त कर बैंकॉक से आए दो भारतीय यात्रियों को गिरफ्तार किया है।
डीआरआई की ओर से बुधवार को जारी बयान के अनुसार विशेष खुफिया सूचना के आधार पर 19 मई को बैंकॉक से हैदराबाद पहुंचे दोनों यात्रियों को हवाई अड्डे पर रोका गया।
यात्रियों के चेक-इन सामान की गहन जांच के दौरान अधिकारियों को 24 काले रंग के पैकेट मिले, जिनमें तीखी गंध वाला हरे रंग का गांठदार पदार्थ भरा हुआ था। इन पैकेटों को इंसुलेटेड पानी की बोतलों, आलू चिप्स के डिब्बों, विभिन्न खाद्य पदार्थों के डिब्बों, प्लास्टिक कंटेनरों और कार्डबोर्ड बक्सों में बेहद चालाकी से छिपाया गया था। बरामद पदार्थ का कुल वजन 8.705 किलोग्राम पाया गया, जिसकी नारकोटिक ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर यह गांजा/मारिजुआना निकला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित