हैदराबाद (तेलंगाना) , मई 20 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की हैदराबाद जोनल यूनिट के अधिकारियों ने यहां राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगभग 3.05 करोड़ रुपये मूल्य का 8.705 किलोग्राम उच्च श्रेणी का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। इस मामले में बैंकॉक से आए दो भारतीय यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई के बुधवार को जारी बयान के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर इन यात्रियों को 19 मई को हैदराबाद हवाई अड्डे पर उतरने के बाद रोका गया। अधिकारियों ने जब उनके सामान की जांच की, तो उन्हें 24 काले रंग के पैकेट मिले। इनमें तेज गंध वाला हरा गांठदार पदार्थ भरा हुआ था। इन पैकेटों को इंसुलेटेड पानी की बोतलों, आलू के चिप्स के डिब्बे, भोजन वाले डिब्बों, प्लास्टिक के बर्तनों और गत्ते के डिब्बों के भीतर बेहद चालाकी से छुपाया गया था। नारकोटिक ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित