श्रीगंगानगर , अप्रैल 29 -- राजस्थान पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्करी के विशाल नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पूगल-बीकानेर रोड पर इलेक्ट्रिक स्कूटी के नीलगाय से टकराने की घटना मात्र एक दुर्घटना नहीं, बल्कि 13 किलो 500 ग्राम हेरोइन की बरामदगी का मामला बन गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 70 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

बीकानेर पुलिस की जांच में जो चौंकाने वाले खुलासे हुए, वे तस्करी के संगठित तरीके को उजागर करते हैं। मुख्य आरोपी राकेश प्रजापत, निवासी चौपड़ा थाना शिवपुरा, जिला पाली, अभी फरार है।

बीकानेर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। राकेश प्रजापत पहले पंजाब की जेल में था, जहां उसकी मुलाकात पाकिस्तानी तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों से हुई। जेल से छूटने के बाद वह इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह का सक्रिय सदस्य बन गया। उसके खिलाफ पाली में सात और पंजाब में एक डकैती के मामले पहले से दर्ज है। पुलिस को आशंका है कि उसके नेटवर्क के तार दिल्ली और मुंबई तक भी पहुंचे हो सकते हैं।

पुलिस ने इस पूरे मामले में दो युवकों राहुल रावत और प्रशांत कयाल को गिरफ्तार किया है। पाली जिले का निवासी राहुल रावत बेंगलुरु के एक डांस बार में बार टेंडर का काम करता था, जबकि प्रशांत कयाल कैटरिंग वर्कर है। दोनों की दोस्ती बेंगलुरु में ही काम के दौरान हुई थी। राहुल रावत फरार राकेश प्रजापत का करीबी दोस्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित