हनुमानगढ़ , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार करके उनसे 51.37 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने रविवार को बताया कि एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को 51.37 ग्राम अवैध हेरोइन ले जाते गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी पंजाब की रहने वाली हैं। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पंजाब के फिरोजपुर निवासी रीनारानी (26) और मुक्तसर निवासी सिमरजीतकौर (32) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। श्री आदित्य ने बताया कि पहले भी कई मामलों में पंजाब के लोगों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस का मानना है कि महिलाओं को तस्करी के काम में शामिल करना नेटवर्क का नया तरीका हो सकता है, जिससे पकड़े जाने की संभावना कम हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित