रायपुर , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी के खिलाफ वित्तीय, प्रशासनिक और शैक्षणिक अनियमितताओं की शिकायतों की जांच अब उच्च स्तरीय समिति करेगी। राज्यपाल एवं कुलाधिपति रमन डेका ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति को 30 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्यपाल को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

राजभवन द्वारा आज जारी आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल को जांच समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना और उप सचिव निधि साहू सदस्य हैं, जबकि अवर सचिव अनुभव शर्मा को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बताया गया है कि यह कार्रवाई भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की शिकायत के बाद की गई है। विधायक ने 28 मई को राज्यपाल को पत्र भेजकर कुलपति के खिलाफ छह अलग-अलग मामलों में जांच की मांग की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित