टिहरी , जून 17 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में पंजाब से हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की एक कार और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे में हालांकि यात्रियों को मामूली चोटें आईं हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार श्रद्धालु पंजाब से हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एनएचपीसी के पास तीव्र मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक से कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वहीं ट्रक का पिछला एक्सल भी टूटकर बाहर निकल गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित