ऋषिकेश , जून 17 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को देवप्रयाग और तीन धारा के बीच एनएचपीसी के समीप स्थित तीव्र मोड़ पर पंजाब से हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की कार और ऋषिकेश की ओर आ रहे एक ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार श्रद्धालु पंजाब से हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एनएचपीसी के पास तीव्र मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक से कार की सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रक का पिछला एक्सल भी टूटकर बाहर निकल गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित बच गये। हादसे में यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तीव्र मोड़ और वाहन पर से नियंत्रण खोना माना जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित