रांची , अक्टूबर 07 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें रांची के हिलव्यू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
आधिकरिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उनके हृदय में कुछ गड़बड़ी पाई गई है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और आवश्यक उपचार किया जा रहा है। उनकी तबीयत को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी बुधवार को अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि रूपी सोरेन लंबे समय से अस्वस्थ चल रही हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है। उनकी स्थिति को देखते हुए जीवन रक्षक उपकरणों की मदद से भी उनकी मॉनिटरिंग की जा रही है। चिकित्सकों की टीम उनके उपचार और स्वास्थ्य में हो रहे बदलाव पर लगातार नजर रख रही है।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन बुधवार को हिलव्यू हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से अपनी मां के स्वास्थ्य, उनकी स्थिति और चल रहे उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से रूपी सोरेन की नियमित निगरानी और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने को लेकर भी जानकारी प्राप्त की।
मां की तबीयत खराब होने के कारण मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने कई निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। वह अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से लगातार अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री के अस्पताल पहुंचने के बाद अस्पताल परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
रूपी सोरेन की तबीयत खराब होने का असर मुख्यमंत्री के सरकारी कार्यक्रमों पर भी पड़ा है। सात अक्टूबर की शाम प्रस्तावित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और निर्णय होना था। हालांकि, बैठक की अगली तारीख के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित