हुब्बल्ली , अक्टूबर 19 -- कर्नाटक की राजनीति में एक दूसरे के विरोधी माने जाने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र और पार्टी से निष्कासित विधायक बसनागौड़ा पाटिल यत्नाल के बीच हुब्बल्ली (धारवाड़) के पास अचानक हुई मुलाकात ने राज्य के राजनीतिक हलकों में नयी अटकलों तेज हो गयी है।
राज्य भाजपा के कामकाज और नेतृत्व को लेकर सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे पर बयानबाजी कर चुके दोनों नेताओं ने कार्यक्रम के दौरान एक-दूसरे का अभिवादन किया और कुशलक्षेम पूछी। हालांकि, उनकी मुलाकात संक्षिप्त रही, लेकिन दोनों के बीच तनावपूर्ण राजनीतिक संबंधों की पृष्ठभूमि में इस मुलाकात ने सबका ध्यान खींचा।
श्री यत्नाल पहले भी श्री विजयेंद्र के नेतृत्व पर सवाल उठा चुके हैं और वह पार्टी के नेतृत्व ढांचे के मुखर आलोचक रहे हैं। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे श्री विजयेंद्र राज्य भाजपा इकाई के प्रमुख हैं। इस मुलाकात के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह किसी धार्मिक आयोजन में महज एक शिष्टाचार भेंट थी या इससे उनके बीच के मतभेदों में कोई कमी आ सकती है। दोनों में से किसी भी नेता ने हालांकि किसी बड़े राजनीतिक बदलाव या सुलह का कोई संकेत नहीं दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित