मुरादाबाद , मई 27 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने ग्रीष्मकालीन भीड़ और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हुबली और योगनगरी ऋषिकेश के बीच संचालित साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि वर्तमान में संचालित स्पेशल गाड़ी संख्या 07363/07364 एसएसएस हुबली-योगनगरी ऋषिकेश-एसएसएस हुबली का अब नियमितीकरण किया जा रहा है। यह ट्रेन अब नियमित साप्ताहिक गाड़ी संख्या 17363/17364 के रूप में संचालित होगी।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 17363 यूबीएल-वाईएनआरके का नियमित संचालन छह जुलाई 2026 से प्रत्येक सोमवार को किया जाएगा, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 17364 वाईएनआरके-यूबीएल का संचालन नौ जुलाई 2026 से प्रत्येक गुरुवार को शुरू होगा।
नियमित समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 17363 प्रत्येक सोमवार को एसएसएस हुबली जंक्शन से शाम 7:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन धारवाड़, बेलगावी, मिरज, पुणे, मनमाड़, भुसावल, इटारसी, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा, हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, टपरी, रुड़की और हरिद्वार होते हुए रात 11:30 बजे योगनगरी ऋषिकेश पहुंचेगी।
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 17364 प्रत्येक गुरुवार को सुबह 6:15 बजे योगनगरी ऋषिकेश से रवाना होगी। यह ट्रेन हरिद्वार, रुड़की, गाजियाबाद, हजरत निजामुद्दीन, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर, झांसी, बीना, इटारसी, भुसावल, मनमाड़, पुणे, सतारा, मिरज, बेलगावी और धारवाड़ होते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे एसएसएस हुबली जंक्शन पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन के नियमित संचालन से उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और अन्य यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित