जौनपुर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि युवाओं को उनके हुनर के अनुरूप कार्य उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और शासन द्वारा पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी जा रही हैं। राजकीय आईटीआई सिद्धिकपुर परिसर में आयोजित वृहद रोजगार मेले का शुभारंभ राज्य मंत्री श्री यादव तथा सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह 'प्रिंसू' ने दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मेले के माध्यम से स्किल एवं नॉन-स्किल सहित विभिन्न डिग्रीधारक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुद्रा योजना सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। रोजगार मेले में टाटा समूह और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज समेत कुल 60 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और युवाओं को नियुक्ति के अवसर प्रदान किए।
राज्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य युवाओं को भविष्य में आयोजित होने वाले मेलों में पुनः सहभागिता के लिए प्रेरित किया। एमएलसी बृजेश सिंह 'प्रिंसू' ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनपद निरंतर प्रगति कर रहा है और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि सेवायोजन विभाग द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया के तहत रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि जो युवा स्वयं रोजगार सृजक बनना चाहते हैं, वे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत ब्याज मुक्त ऋण प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, उपनिदेशक सेवायोजन विभाग रवि शेखर, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला, जिला सेवायोजन अधिकारी जयप्रकाश पासवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित