जयपुर , नवंबर 02 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में राजीविका दिवाली मेला-2026 के प्रति लोगों का रुझान बढ़ने से मेले में रौनक बढ़ने लगी है और इसके छठे दिन भी बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न स्टॉल्स पर खरीदारी की तथा राजीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर, मेहनत और रचनात्मकता से तैयार उत्पादों को सराहा।
मेला गत 28 अक्टूबर को शुरु हुआ जो चार नवंबर तक तक चलेगा और प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात नौ बजे तक मेले में आमजन के लिए प्रवेश निःशुल्क है। मेले में हस्तनिर्मित हस्तशिल्प, आकर्षक सजावटी सामग्री, पारंपरिक कलात्मक वस्तुओं और विभिन्न घरेलू उपयोग के उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। दिवाली के त्योहार को खास बनाने के लिए लोगों ने अपनी पसंद के अनुसार सजावटी सामान और हस्तनिर्मित उत्पाद खरीदे। स्टॉल्स पर खरीदारों की चहल-पहल से मेले का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित