चंडीगढ़ , जुलाई 05 -- हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एचटेट परीक्षा में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान गलत ओएमआर शीट, गलत प्रश्नपत्र, बिना सील के पेपर और प्रश्नपत्रों में गंभीर त्रुटियों जैसी शिकायतें सामने आई हैं।

श्री हुड्डा ने कहा कि अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र में ऐसे प्रश्न पूछे गए, जिनका संदर्भित पैराग्राफ प्रश्नपत्र में मौजूद ही नहीं था। कैथल में प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट के सीरियल नंबर अलग पाए गए जबकि रेवाड़ी में बिना सील के प्रश्नपत्र बांटे गए। कुछ केंद्रों पर प्रश्नपत्र कम पहुंचे और कई अभ्यर्थियों को निर्धारित विषय की जगह दूसरे विषय का प्रश्नपत्र दे दिया गया। अव्यवस्थाओं के चलते एक केंद्र पर परीक्षार्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार भी किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर तैयार करने से लेकर वितरण और परीक्षा प्रबंधन तक हर स्तर पर लापरवाही हुई है। श्री हुड्डा ने कहा कि सरकार परीक्षाएं पारदर्शी ढंग से कराने में विफल रही है और भर्ती प्रक्रिया लगातार विवादों में घिरती जा रही है। उन्होंने एचटेट परीक्षा की सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित