भोपाल , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हुजूर विधानसभा क्षेत्र में 11 दिवसीय रक्षाबंधन उत्सव का समापन बिलखिरिया मंडल के ग्राम पिपलिया जाहिरपीर में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में बहनों ने विधायक रामेश्वर शर्मा को राखी बांधी और उन्हें आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में हजारों बहनों ने सहभागिता की। विधायक श्री शर्मा ने बहनों से संवाद करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बहनों का प्रेम मिलना उनका बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि बिलखिरिया में दिखाई दे रहे ये दृश्य बहनों के स्नेह का मेला हैं और जिसके पास इतनी अधिक बहनों का आशीर्वाद हो, उसके जीवन में और क्या कमी रह सकती है।

बताया गया है कि हुजूर विधानसभा क्षेत्र में छह स्थानों पर रक्षाबंधन उत्सव आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कुल एक लाख 51 हजार बहनों ने विधायक रामेश्वर शर्मा को राखी बांधी। उत्सव की शुरुआत मुखर्जी नगर कोलार से हुई थी। इसके बाद संत हिरदाराम नगर एवं श्री हरिहर नगर फंदा, दीनदयाल उपाध्याय मंडल, गांधीनगर मंडल, नीलबड़ मंडल और बिलखिरिया मंडल में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बिलखिरिया मंडल में आयोजित कार्यक्रम विधानसभा क्षेत्र का अंतिम रक्षाबंधन उत्सव रहा, जिसमें बहनों का उत्साह देखने को मिला। इस दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा ने बहन-बेटियों को लव जिहाद से सावधान रहने और इसके प्रति जागरूक रहने की अपील भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित