गुरुग्राम , सितंबर 11 -- हुंडई मोटर इंडिया (एचएमआईएल) ने अपनी कारों में एक और सुरक्षा फीचर जोड़ते हुए 'रिमोट इमोबिलाइजर' पेश किया है जिससे वाहन को अनाधिकृत रूप से स्टार्ट करने से रोका जा सकेगा।

कंपनी ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि हुंडई वेन्यू के एचएक्स10 और हुंडई वेन्यू एन लाइन के एन10 संस्करण में अभी यह फीचर पेश किया जा रहा है। इन दोनों संस्करणों में 'कनेक्टेड-कार-नेविगेशन-कॉकपिट' लगा हुआ है। आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से हुंडई ब्लूलिंक से लैस सभी वाहनों में यह अपडेट उपलब्ध कराया जायेगा। साथ ही भविष्य में आने वाली कंपनी की सभी कनेक्टेड कारों में यह एक मानक फीचर होगा।

वाहन मालिक हुंडई ब्लूलिंक ऐप के जरिये अपनी पार्क की गई कार को दूर से ही 'इमोबिलाइज' कर सकेंगे यानी उसे स्टार्ट होने से रोक सकेंगे। यह न सिर्फ चोरी या लूट की स्थिति में काम आयेगा, बल्कि नाबालिग बच्चों को भी बिना अनुमति कार ले जाने से रोकने में कारगर होगा।

यदि चोरी का शक हो, तो ग्राहक हुंडई ब्लूलिंक ऐप के जरिये तुरंत इस फीचर को सक्रिय कर सकते हैं, ताकि गाड़ी बंद होने के बाद उसे दोबारा स्टार्ट न किया जा सके। इसके अलावा, नेटवर्क कनेक्टिविटी होने पर 'लाइव लोकेशन ट्रैकिंग' की सुविधा ग्राहकों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को गाड़ी का पता लगाने में मदद कर सकती है। यह फ़ीचर चलती हुई गाड़ी को रोकता या बंद नहीं करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित