नयी दिल्ली , अगस्त 01 -- मजबूत ग्राहक धारणा के बीच जुलाई में हुंडई मोटर इंडिया, किया इंडिया और निसान मोटर इंडिया ने यात्री वाहनों की बिक्री के अपने नये रिकॉर्ड बनाये हैं।

हुंडई मोटर इंडिया की निर्यात समेत कुल बिक्री जुलाई में 25 प्रतिशत बढ़कर 75,360 इकाई पर पहुंच गयी जो उसका मासिक बिक्री का नया रिकॉर्ड है। कंपनी ने शनिवार को बताया कि जुलाई में घरेलू बिक्री 23 प्रतिशत और निर्यात 31 प्रतिशत बढ़ा। घरेलू बाजार में उसने 54,210 वाहन और वैश्विक बाजार में 21,150 वाहन बेचे।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जुलाई में उसका निर्यात 12 साल से अधिक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। क्रेटा की बिक्री 18,088 इकाई रही जो इस कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक है। आई20 की बिक्री भी 6,738 इकाई के साथ इस कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक रही है।

आयशर मोटर्स लिमिटेड के ट्रकों और बसों की घरेलू बिक्री (इलेक्ट्रिक वाहनों समेत) 18 फीसदी बढ़कर 7,575 इकाई हो गयी। वहीं निर्यात में 11 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी और यह 470 इकाई पर रही। वॉल्वो ट्रक और बसों की बिक्री 12 प्रतिशत बढ़कर 196 इकाई पर पहुंच गयी। इस प्रकार कुल बिक्री 16 प्रतिशत ऊपर 8,241 इकाई दर्ज की गयी। किया इंडिया ने जुलाई में मासिक बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाते हुए कुल 28,200 वाहन बेचे। यह एक साल पहले की तुलना में 27 प्रतिशत अधिक है।

निसान मोटर इंडिया ने भी जुलाई में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए घरेलू बाजार में 4,518 वाहन बेचे। यह सालाना आधार पर 218 प्रतिशत की वृद्धि है। उसका निर्यात 4,821 इकाई पर रहा। निर्यात समेत कुल बिक्री 9,339 इकाई दर्ज की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित