गौतमबुद्धनगर , मई 21 -- उत्तर प्रदेश मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई जिलों में हीट वेव की संभावना जताए जाने के बाद गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जिले को येलो जोन में रखा गया है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन के लिए जरूरी परामर्श जारी करते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
गौतमबुद्धनगर आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने गुरुवार को बताया कि आने वाले दिनों में तेज गर्मी और लू का प्रभाव बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है ताकि हीट स्ट्रोक और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सके।
प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में लोगों से दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर और शरीर को टोपी, गमछा या छाते से ढककर निकलें। साथ ही शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ जैसे ओआरएस, शिकंजी और आमपना का सेवन करने की सलाह दी गई है।
परामर्श में हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, ताजे फल व हल्का भोजन करने तथा तली-भुनी चीजों से परहेज करने की बात कही गई है। प्रशासन ने लोगों से अधिक समय तक धूप में रहने से बचने और संभव हो तो पंखा, कूलर या एसी वाली जगह पर रहने की अपील की है।
किसानों और खेतों में काम करने वाले श्रमिकों को दोपहर के समय खेतों में काम न करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि खेतों में सुबह जल्दी या शाम के समय ही कार्य करें और सिर व गर्दन को ढककर रखें। अत्यधिक पसीना, कमजोरी या सिरदर्द होने पर तुरंत छायादार स्थान पर आराम करें।
प्रशासन ने लू लगने के लक्षणों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया है। यदि किसी व्यक्ति को कमजोरी, सिरदर्द, उल्टी, चक्कर, अत्यधिक पसीना या बेचैनी महसूस हो तो तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा पशुओं और पक्षियों के लिए भी विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। लोगों से कहा गया है कि जानवरों को छाया में रखें और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं। वहीं घरों की छतों पर पक्षियों के लिए पानी रखने की भी अपील की गई है।
जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर नगर निकायों द्वारा हीट वेव/लू से बचाव के लिए शेल्टर होम स्थापित किए गए हैं, जहां पंखा, कूलर, बैठने और पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध है। प्रशासन ने लोगों से आवश्यकता पड़ने पर इन शेल्टर होम्स का उपयोग करने को कहा है।
किसी भी प्रकार की सहायता या आपात स्थिति में लोग कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर संचालित कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित