हरिद्वार , अप्रैल 24 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 27 अप्रैल 2026 से 26 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा।

जारी निर्देशों के अनुसार प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के विद्यालय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं की कक्षाएं प्रातः 7:30 बजे से 12:30 बजे तक चलेंगी।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि सभी विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। स्कूलों में नियमित अंतराल पर वॉटर बेल बजाने, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा विद्यालयों में ओआरएस एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था रखने, छात्रों को हीटवेव से बचाव की जानकारी देने तथा तेज धूप के दौरान खेलकूद और बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित