हिसार , नवंबर 04 -- हरियाणा के हिसार में ध्वनि प्रदूषण रोकने और शांति बनाए रखने के लिए हिसार पुलिस ने डीजे संचालकों एवं आयोजकों को निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने बुधवार को स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 के तहत रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक लाउडस्पीकर का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। इनके इस्तेमाल के लिए सक्षम प्राधिकारी की लिखित अनुमति आवश्यक है और विशेष अवसरों पर ही इसमें छूट दी जा सकती है।

श्री जैन ने कहा कि शादी समारोह, धार्मिक कार्यक्रम और सार्वजनिक आयोजनों में भी ध्वनि संबंधी नियमों का पालन करना अनिवार्य है। तेज आवाज से विद्यार्थियों की पढ़ाई, बुजुर्गों, मरीजों और आमजन की शांति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

हिसार पुलिस ने आमजन से ध्वनि प्रदूषण रोकने में सहयोग करने और नियमों का उल्लंघन होने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित