चंडीगढ़ , सितंबर 29 -- हरियाणा के जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने हिसार की अनाज मंडी में बरसाती मौसम के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को जल्द जल निकासी परियोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों, आढ़तियों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
श्री गंगवा ने अधिकारियों को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के पास ड्रेनेज अथवा ऋषि नगर के पास स्थित ड्रेन से जल निकासी की परियोजना तैयार कर मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना प्राप्त होने के बाद इसे मंजूर करवाने के लिए उच्चाधिकारियों से बातचीत की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से तकनीकी सहायता लेने को भी कहा गया।
अधिकारियों और आढ़तियों के साथ बैठक में अनाज मंडी में तोल कांटों की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ कांटे खराब हैं। मंत्री ने सभी तोल कांटों की क्षमता बढ़ाने और उन्हें अगले दो दिन में दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को परेशानी न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित