हिसार , नवंबर 04 -- हरियाणा के हिसार में पुलिस ने ऑनलाइन नौकरी और पार्ट-टाइम कार्य के नाम पर मोटी कमाई का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हीरालाल पुत्र श्यामलाल निवासी आदुनियों की बेरा, जिला जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। मामले में अब तक कुल 13 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
बुधवार को पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी सिद्धान्त जैन के दिशा-निर्देश पर साइबर अपराध थाना की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच अधिकारी एसआई संजय के अनुसार बरवाला क्षेत्र की एक महिला ने ऑनलाइन जॉब के नाम पर ठगी की शिकायत दी थी। ठगों ने व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर अमेजन के उत्पादों पर रिव्यू देने और ऑनलाइन कार्य पूरा करने के बदले मोटी कमाई का लालच दिया था।
आरोपियों ने महिला को टेलीग्राम ग्रुप और फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजैक्शन करवाकर हजारों रुपये ठग लिए। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को राजस्थान स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हिसार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब, लाइक और रिव्यू के बदले मोटी कमाई के लालच में न आएं तथा अनजान लिंक और ग्रुप के जरिए पैसे निवेश न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित