बेंगलुरु , नवंबर 04 -- केंद्रीय मंत्री एवं जनता दल (सेक्युलर) नेता एचडी कुमारस्वामी ने बुधवार को कहा कि वह चाहते हैं कि आगामी हिरियूर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार के तौर पर जद (एस) का प्रत्याशी मैदान में उतरे।

हिरियूर और चित्रदुर्ग के जद (एस) नेताओं के साथ बैठक के बाद अपनी पसंद स्पष्ट करते हुए श्री कुमारस्वामी ने कहा कि पार्टी के स्थानीय नेताओं ने जद (एस) उम्मीदवार को मैदान में उतारने की ज़ोरदार वकालत की है और आखिरी फ़ैसले से पहले वह इस मांग को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के सामने उठायेंगे। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि हिरियूर उपचुनाव में राजग उम्मीदवार के तौर पर जद (एस) उम्मीदवार को मैदान में उतारा जाना चाहिए। मैं इस बारे में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से बात करूंगा। दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। हम हिरियूर विधानसभा क्षेत्र में भी बिना किसी संशय के मिलकर काम करेंगे। उपचुनाव आसान नहीं है। मेरा मानना है कि राजग उम्मीदवार के तौर पर जद (एस) के प्रत्याशी को चुनाव लड़ना चाहिए।"केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आम सहमति वाले राजग उम्मीदवार के सवाल पर कडुगोला समुदाय के नेताओं और केंद्र में भाजपा नेताओं के साथ चर्चा हुई थी, जिससे दोनों गठबंधन सहयोगियों के बीच तालमेल की ज़रूरत पर ज़ोर दिया गया। जद (एस) की मांग इसलिए अहम हो जाती है क्योंकि भाजपा की केंद्रीय नेतृत्व ने अभी तक उम्मीदवार पर आखिरी फ़ैसला नहीं लिया है।

श्री कुमारस्वामी ने संकेत दिया कि पार्टी गठबंधन के अंदर किसी भी तरह की उलझन पैदा करने के बजाय सलाह-मशविरे के ज़रिए अपनी दावेदारी पेश करेगी। कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक की वित्तीय स्थिति खराब हो गयी है और दावा किया कि ठेकेदार पूरे हो चुके कामों के लिए लगभग 38,000 करोड़ रुपये का इंतज़ार कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित