रुद्रप्रयाग , मार्च 06 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में वन्यजीव शिकार का एक गंभीर मामला सामने आया है। बच्छणस्यूं पट्टी के क्वाली गांव में संरक्षित जंगली जानवर काकड़ (बार्किंग हिरण) का शिकार करने और उसका मांस पकाकर खाने के आरोप में वन विभाग ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।
वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के कुछ लोगों ने जंगल में काकड़ का शिकार किया है। सूचना के आधार पर वन क्षेत्र अधिकारी संजय सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से इस मामले में संलिप्तता के शक में 14 लोगों को हिरासत में ले लिया। सभी आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। विभागीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) रजत सुमन ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग वन्यजीव अपराधों को लेकर सख्त कार्रवाई कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित