शिमला , जनवरी 21 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशामें एक अहम कदम उठाते हुए बुधवार को शिमला के संजौली हेलीपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवाओं का शुभारंभ किया।

इन सेवाओं के शुरू होने के साथ ही संजौली से कुल्लू के भुंतर हवाई अड्डे तथा रिकांग पियो स्थित आईटीबीपी हेलीपैड के लिये सप्ताह के सभी दिनों में दैनिक हेलीकॉप्टर उड़ानें संचालित की जाएंगी। इसके अलावा चंडीगढ़ और संजौली हेलीपोर्ट के बीच सप्ताह में सोमवार, शुक्रवार और शनिवार सहित कुल तीन दिन हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

संजौली-कुल्लू मार्ग पर हेलीकॉप्टर किराया प्रति यात्री 3,500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि संजौली-रिकांग पियो मार्ग पर यात्रियों से 4,000 रुपये किराया लिया जाएगा। संजौली-चंडीगढ़ मार्ग का किराया प्रति यात्री 3,169 रुपये तय किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि निकट भविष्य में संजौली-रामपुर-रिकांग पियो और संजौली-मनाली (एसएएसई हेलीपैड) मार्गों पर भी हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की जाएंगी। इन मार्गों के लिये आवश्यक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव पहले ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भेजे जा चुके हैं।

श्री सुक्खू ने हेलीकॉप्टर सेवाओं के शुभारंभ पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इन सेवाओं से पर्यटन क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और इससे जुड़े सभी हितधारकों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि संजौली हेलीपोर्ट से उड़ानों का संचालन लंबे समय से लंबित मांग थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। नयी सेवाओं से पर्यटकों के साथ-साथ आम जनता को भी तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक संपर्क उपलब्ध होगा, विशेषकर दुर्गम और दूरदराज के क्षेत्रों में। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी), शिमला के निकट स्थित होने के कारण संजौली हेलीपोर्ट चिकित्सीयआपात स्थितियों में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित