धर्मशाला , जुलाई 21 -- हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल में लगातार हो रही भारी बारिश से व्यापक तबाही हुई है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि बोह घाटी के स्पैदा और गढ़गूं गांवों में 18 मकान, नौ गौशालाएं और एक प्राथमिक विद्यालय का भवन बह गया, जबकि आठ मवेशी भी बाढ़ की चपेट में आ गये।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, बारिश से आयी अचानक बाढ़ में 18 मकान पूरी तरह नष्ट हो गये। इस घटना में तीन महिलाएं घायल हुई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। जिला प्रशासन ने प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
शाहपुर के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. गणेश ठाकुर ने बताया कि वह स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए प्रभावित क्षेत्र रवाना हो गये हैं। उन्होंने कहा कि डिब्बा और मनेड़ नाले के पास बड़े पैमाने पर भूस्खलन होने से प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और उन्हें तत्काल राहत उपलब्ध कराई जा रही है। बचाव एवं राहत कार्यों में सहायता के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की एक टीम भी मौके पर भेजी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित