धर्मशाला , अक्टूबर 30 -- हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (एचपीबीओएसई) ने मार्च 2027 में आयोजित होने वाली हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय (एचपीएसओएस) की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाने के इच्छुक निजी विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से ऑनलाइन आवेदन का शेड्यूल जारी कर दिया है।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि योग्य संस्थान एक नवंबर से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने विद्यालय लॉगिन आईडी के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के एक से 30 नवंबर तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। एक से 15 दिसंबर के बीच आवेदन करने वाले संस्थानों को निर्धारित शुल्क के अलावा 5,000 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। वहीं 16 से 31 दिसंबर के बीच आवेदन जमा करने पर विलंब शुल्क बढ़कर 10,000 रुपये हो जाएगा। 31 दिसंबर के बाद प्राप्त आवेदनों पर बोर्ड अध्यक्ष या सचिव की पूर्व स्वीकृति के बाद ही विचार किया जाएगा। ऐसे संस्थानों को निर्धारित शुल्क, 10,000 रुपये विलंब शुल्क और अध्यक्ष या सचिव द्वारा तय अतिरिक्त जुर्माना देना होगा। डॉ. शर्मा ने कहा कि मार्च 2027 की परीक्षाओं को सुचारू, व्यवस्थित और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए समय पर परीक्षा केंद्रों का चयन बेहद जरूरी है।

उन्होंने योग्य निजी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रबंधनों से बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों व शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने और परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने आवेदन जमा करने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित