अमृतसर , सितंबर 07 -- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के एक बोर्डिंग स्कूल में सिख छात्र के साथ कथित रैगिंग की घटना की निंदा करते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य को बदलने की मांग की है।

जत्थेदार ने सोमवार को कहा कि स्कूल में साथी छात्रों द्वारा सिख बच्चे के साथ ऐसा व्यवहार किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने की जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की है और किसी भी बच्चे को इस तरह के व्यवहार का सामना नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने पीड़ित छात्र और उसके परिवार से बातचीत कर उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। उन्होंने मीडिया संस्थानों और वेब चैनलों से परिवार की इच्छा का सम्मान करते हुए घटना का कथित वायरल वीडियो प्रसारित नहीं करने तथा बच्चे की पहचान सार्वजनिक नहीं करने की अपील की।

जत्थेदार ने कहा कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने हालांकि कहा कि घटना को लेकर स्कूल प्रशासन और प्रधानाचार्य की भूमिका उचित नहीं रही। उन्होंने बताया कि पीड़ित छात्र के अभिभावकों ने प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायतें की हैं। स्कूल प्रशासन से बातचीत के बाद उन्होंने प्रधानाचार्य को तत्काल बदलने के लिए कहा। स्कूल प्रशासन ने उन्हें एक सप्ताह के भीतर प्रधानाचार्य को बदलने का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित