शाहपुर , अगस्त 08 -- हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के करेरी गांव के निवासियों का लंबा इंतजार आखिरकार शनिवार को खत्म हो गया, जब आजादी के 79 साल बाद गांव के लिए पहली बस सेवा शुरू की गयी।
शाहपुर के विधायक और उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने परिवहन विभाग की 28 सीटर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया और अपनी पुरानी मांग पूरी करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
श्री पठानिया ने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से करेरी को नियमित बस सेवा से जोड़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन क्षेत्र की कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण चुनौतियां आ रही थीं। उन्होंने इस पहल में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि इस नयी बस सेवा से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को भी काफी सुविधा होगी। उन्होंने यह भी बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन नई इलेक्ट्रिक बसें भी शुरू की गयी हैं।
विधायक पठानिया ने घोषणा की कि करेरी ट्रैक के विकास पर लगभग 2 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे, जिसमें से पहले चरण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। मानसून के बाद घेरा-करेरी मार्ग पक्का किया जायेगा, जबकि बर्नेट-घेरा मार्ग को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित