नाहन , मई 17 -- हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्थानीय शहरी निकायों के लिए रविवार को मतदान संपन्न हो गया। नाहन नगर परिषद के कुल 19,876 मतदाताओं में से अनुमानित 67.39 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त (डीसी) सिरमौर प्रियंका वर्मा ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नाहन नगर परिषद चुनाव में कुल 67.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि नाहन नगर परिषद के कुल 19,876 मतदाताओं में से 13,394 मतदाताओं ने अपने वोट डाले। इसी तरह, सिरमौर जिले में आज हुए पूरे शहरी निकाय चुनावों में कुल मिलाकर अनुमानित 67.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि जिले के पांवटा साहिब नगर परिषद में कुल 65.87 प्रतिशत मतदान हुआ है, जहां कुल 18,248 मतदाताओं में से 12,020 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, राजगढ़ नगर पंचायत में सबसे अधिक उत्साह देखा गया, जहां 78.04 प्रतिशत भारी मतदान दर्ज किया गया। राजगढ़ में कुल 1,982 मतदाताओं में से 1,554 मतदाताओं ने पोलिंग बूथ पहुंचकर अपने वोट डाले।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नाहन, पांवटा साहिब और राजगढ़ नगर निकायों के सभी 55 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई थी। उन्होंने बताया कि सभी पोलिंग स्टेशनों पर मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा। लोकतंत्र के इस उत्सव में पहली बार भाग लेने वाले युवा मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया। उपायुक्त ने मतदान में रुचि दिखाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए सभी श्रेणियों के मतदाताओं का विशेष आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित