ऊना (हिमाचल प्रदेश) , मार्च 23 -- हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान हरोली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क और खेल अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खेल सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। बेहतर सड़क संपर्क से जहां औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी, वहीं आम लोगों की आवाजाही भी आसान होगी।

उन्होंने कहा कि हरोली का रोड़ा क्षेत्र तेजी से विकास के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के साथ-साथ ट्रैफिक पार्क, 5 करोड़ रुपये की लागत वाला ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर और करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से हेलिपोर्ट का निर्माण भी जारी है।

इन परियोजनाओं के पूरा होने पर रोड़ा क्षेत्र एक आधुनिक शहरी केंद्र के रूप में नई पहचान बनाएगा।

इससे पहले, उपमुख्यमंत्री ने लगभग 48.69 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली जेजोन मोड़-तहलीवाल चौक सड़क (भाई का मोड़ के रास्ते) के उन्नयन कार्य का भूमि पूजन किया। इस परियोजना के तहत करीब 17.5 किलोमीटर लंबी सड़क का सुधार किया जाएगा।

इसके अलावा, हरोली क्षेत्र के रोड़ा गांव में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का भी भूमि पूजन किया गया।

परियोजना पूरी होने पर ऊना जिला एथलेटिक्स प्रतिभाओं का एक प्रमुख केंद्र बनेगा, जहां खिलाड़ियों को आधुनिक और वैज्ञानिक प्रशिक्षण की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित