नाहन , मई 22 -- हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के लांस नायक (गनमैन) मुकेश कुमार (27) की बिजली का करंट लगने से मौत हो गयी है। सैनिक की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री कुमार भारतीय सेना की 15वीं फील्ड आर्टिलरी रेजिमेंट में तैनात थे और अपने पैतृक गांव में 30 दिन की छुट्टी पर आए हुए थे। पैतृक गांव टोका नगला, जमनवाला में गुरुवार को खेतों में काम करते समय, वह एक हाई-वोल्टेज तार के संपर्क में आ गये। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें पांवटा साहिब के जुनेजा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि श्री कुमार अविवाहित थे और उनके भाई भी भारतीय सेना में ही तैनात हैं। उनके परिवार में बुजुर्ग पिता उजागर सिंह, मां और भाई हैं। सैनिक की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया है। परिवार ने सेना के अधिकारियों को इस घटना के बारे में सूचित कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित