शिमला , अक्टूबर 22 -- हिमाचल प्रदेश के बागवानी उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार का विस्तार करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने कुल्लू जिले से संयुक्त अरब अमीरात (यूएअई) के दुबई में 1.3 टन सिंदूरी किस्म के अनार का निर्यात किया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को यहां बताया कि राज्य सरकार घरेलू के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सुलभ बनाकर किसानों और बागवानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और वैश्विक बाजारों में अवसरों की तलाश करने में मदद करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
अनार की इस नवीनतम खेप को कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से भेजा गया है। ये अनार कुल्लू जिले के किसानों और भुंतर किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) से खरीदे गए थे, जिससे लगभग 600 किसान जुड़े हुए हैं।
श्री सुक्खू ने कहा कि सरकार राज्य से कृषि और बागवानी पैदावार के निर्यात को बढ़ावा देने और व्यापक बाजारों तक पहुंच प्रदान करने के लिए किसानों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश ने इससे पहले इस साल जून में ओमान को 400 किलोग्राम चेरी और 400 किलोग्राम प्लम (आलू बुखारा) की शुरुआती खेप निर्यात की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित