शिमला , दिसंबर 15 -- हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बाल फिल्म 'क्रॉसिंग्स' की सराहना करते हुए बच्चों से जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्ववान किया।

उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले फिल्म निर्माता विवेक मोहन की सराहना की कि उन्होंने फिल्म के माध्यम से एक संवेदनशील और असरदार संदेश दिया है। उन्होंने फिल्म में यह दिखाने की कोशिश की है कि कैसे इंसानी फितरत प्राकृतिक आपदाओं को आमंत्रित कर सकती है। उल्लेखनीय है कि फिल्म आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति को बचाने की अहमियत पर जोर देती है।

शिमला के रहने वाले श्री मोहन ने बताया कि 'क्रॉसिंग्स् दो असल जिंदगी की घटनाओं से प्रेरित एक लघुफिल्म है। यह फिल्म ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के मुद्दों पर रोशनी डालती है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनकी पिछली फिल्म 'फॉर हूम द जिंगल बेल्स टोल' में दिखाए गए संदेश को आगे बढ़ाती है।

उन्होंने बताया कि फिल्म का मुख्य संदेश यह है कि पृथ्वी हमें अपने पूर्वजों से विरासत में नहीं मिली है बल्कि हमने इसे अपने बच्चों से उधार लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित