नयी दिल्ली , सितंबर 03 -- हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार को यहां केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की और प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण परिवहन मुद्दों पर चर्चा की।

श्री अग्निहोत्री ने कॉन्ट्रैक्ट कैरिज वाहनों की अधिकतम आयु सीमा 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष करने की मांग रखी। श्री गडकरी ने इस मांग पर सहमति जताते हुए टूरिस्ट परमिट के तहत संचालित टैक्सियों की वैधता अवधि 15 वर्ष करने के लिए आवश्यक अधिसूचना जारी करने के निर्देश दिये। उपमुख्यमंत्री ने पहाड़ी राज्य में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पर्याप्त केंद्र स्थापित होने तक मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग जारी रखने की मांग की।

श्री गडकरी ने इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। बैठक में किरतपुर-बिलासपुर-मंडी मार्ग पर गति सीमा 60 से बढ़ाकर 80 किमी प्रति घंटा करने पर भी सहमति जतायी गयी। इसके अलावा पंडोगा से झालेरा-ऊना तक अमृतसर-होशियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने के लिए आवश्यक निर्देश दिये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित