हमीरपुर , मई 20 -- हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में स्थानीय निकायों के लिए तीन चरणों में होने वाले चुनाव के लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं।उल्लेखनीय है कि 242 ग्राम पंचायतों के प्रधान और उप-प्रधान के 484 पदों, 1,376 पंचायत सदस्यों, 119 ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल (बीडीसी) सदस्यों और 19 जिला परिषद सदस्यों सहित कुल 1,998 पदों के लिए 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में मतदान होने वाले हैं।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौर ने बुधवार को बताया कि पंचायती राज संस्था के चुनावों में जिले के कुल 3 लाख, 63 हजार, 699 मतदाता विभिन्न पदों के लिए खड़े चार हजार, 849 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

इन मतदाताओं में एक लाख, 83 हजार, 851 महिला और एक लाख, 79 हजार, 846 पुरुष मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में दो तृतीय लिंग मतदाताओं के नाम भी दर्ज हैं। सुश्री गंधर्वा ने बताया कि 242 ग्राम पंचायतों के कुल 1,376 वार्डों के लिए 1,377 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। भोरंज विकास खंड की ग्राम पंचायत कांजयान के एक वार्ड के लिए दो मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं। बाकी अन्य सभी पंचायतों के प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक मतदान केंद्र होगा।

प्रत्येक मतदान केंद्र पर कुल चार अधिकारी और कर्मचारी तैनात किये जाएंगे, जिनमें एक पीठासीन अधिकारी, दो मतदान अधिकारी और एक सुरक्षा गार्ड शामिल होगा। कुल 1,377 मतदान केंद्रों में से 257 को संवेदनशील और 83 को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।

उपायुक्त ने बताया कि नादौन विकास खंड की 62 पंचायतों में 342 वार्ड हैं, जिनमें 27 बीडीसी और चार जिला परिषद वार्ड शामिल हैं। बिझड़ी विकास खंड की 49 पंचायतों में 287 वार्ड हैं, जबकि यहां 23 बीडीसी वार्ड और चार जिला परिषद वार्ड हैं।

विकास खंड बमसन की 25 पंचायतों में 135 वार्ड हैं। यहां 15 बीडीसी वार्ड और दो जिला परिषद वार्ड हैं। विकास खंड भोरंज की 44 पंचायतों में 264 वार्ड हैं। यहां 22 बीडीसी वार्ड और चार जिला परिषद वार्ड हैं।

विकास खंड हमीरपुर की 38 पंचायतों में 218 वार्ड हैं। यहां 17 बीडीसी वार्ड और तीन जिला परिषद वार्ड हैं। विकास खंड सुजानपुर की 24 पंचायतों में 130 वार्ड हैं। यहां 15 बीडीसी वार्ड और दो जिला परिषद वार्ड हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित