चमोली , जनवरी 24 -- उत्तराखंड में हिमपात होने के बाद चमोली जिले के ऊंचाई वाले पहाड़, गांव और बुग्यालों में चारों ओर बर्फ ही बर्फ दिख रही है। शनिवार को धूप खिलने के बाद पहाडों, गांवों, ऊंचे धामों में बर्फ चांदी की तरह चमकने लगी है। चारों ओर बर्फ ही बर्फ का नजारा दिख रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करोड़ों हिंदुओं की आस्था के धाम बदरीनाथ में एक फुट से अधिक हिमपात हुआ है। शिव के धाम रुद्रनाथ में भी दो फुट से अधिक बर्फ जमी है। इसके अलावा सिखों के पवित्र हिमालयी तीर्थ हेमकुंड साहिब में भी तीन फुट से अधिक बर्फ जम गयी है।
गोविन्द घाट हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया हेमकुंड साहिब के चारों ओर और पवित्र सरोवर में भी बर्फ की मोटी परत बिछ गयी है। हिमपात से चमोली जिले की कुछ सड़कें बाधित हुई।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया अवरुद्ध अधिकांश सड़क सुचारू कर दी गई हैं। शेष सड़कों को खोलने का कार्य जारी है्। हिमपात से किसानों को खेती किसानी की आस जगी है।
किसान गौर सिंह ने बताया कि यह हिमपात सेब के लिए फायदे मंद हो सकता है। उन्होंने कहा कि हिमपात आगामी दिनों में फिर हो तो खेती काश्तकारी के लिए बेहतर हो सकता है।
आज हालांकि आसमान साफ होने और चटक धूप खिलने से बदरीनाथ में बर्फ चांदी की तरह चमक रही है। चारों ओर की पहाड़ियों में बर्फ की सफेद चादर बिछी हुयी दिखाई दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित