नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उनसे बिना शर्त माफी की मांग की है।

श्री वेणुगोपाल ने कहा कि "कौन है खरगे?" जैसे सवाल और "पागल" जैसे शब्दों का मुख्यमंत्री द्वारा इस्तेमाल बेहद आपत्तिजनक और अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की भाषा मुख्यमंत्री की हताशा और घबराहट को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे देश के वरिष्ठ और सम्मानित नेताओं में से एक हैं, जो बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। ऐसे नेता का अपमान करना निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री सरमा स्वयं पर लगे गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण बौखलाए हुए हैं और ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

श्री वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस इस तरह की मानसिकता को पूरी तरह खारिज करती है और मुख्यमंत्री से तत्काल बिना शर्त माफी की मांग करती है।

गौरतलब है कि श्री सरमा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे जी की उम्र हो गई है, फिर भी वह पागल जैसी बातें कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित