सागर , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और उदासीनता बरतने पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने पटवारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। कलेक्टर ने 13 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा 137 अन्य पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगने की कार्रवाई की है।
राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हितग्राहीमूलक योजनाओं का सीधा संबंध आम जनता और किसानों के जीवन से है। इन योजनाओं से जुड़े कार्य समय पर पूरे नहीं होने से लोगों को असुविधा होती है और वे शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।
समीक्षा बैठकों और मैदानी निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं तथा लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने यह कार्रवाई की है। निलंबित किए गए पटवारियों में मीना खैरवार, लक्ष्मी जाटव, अखिलेश दीक्षित, राजकुमार गौड़, भूपेन्द्र राज, अजय श्रीवास्तव, गोविन्द राय, पुष्पेन्द्र भदौरिया, महेन्द्र अर्गल, योगेन्द्र प्रताप, दिलीप राजा, अभिषेक कोरी और ब्रजेंद्र रावत शामिल हैं। ये पटवारी सागर ग्रामीण, गढ़ाकोटा, केसली, खुरई, मालथौन, बांदरी, बंडा और रहली तहसीलों के विभिन्न पटवारी हल्कों में पदस्थ बताए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित