बेरुत , मई 22 -- हिज़्बुल्ला ने गुरुवार को लेबनानी संसद सदस्यों, सुरक्षा अधिकारियों तथा उसके सहयोगी आंदोलन के सदस्यों को निशाना बनाने वाले नये अमेरिकी प्रतिबंधों की निंदा की। उसने इन उपायों को लेबनानी लोगों को डराने एवं लेबनान के खिलाफ इजरायल की कार्रवाई का समर्थन करने का प्रयास बताया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी वित्त विभाग और विदेश विभाग द्वारा गुरुवार को घोषित प्रतिबंधों में हिजबुल्ला के वरिष्ठ अधिकारी एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद फनीश, हिजबुल्ला के सांसद हसन फदलल्लाह, इब्राहिम अल-मौसावी और हुसैन हाजी हसन के साथ-साथ जनरल सिक्योरिटी और सैन्य खुफिया अधिकारियों को निशाना बनाया गया, जिन पर वाशिंगटन ने हिजबुल्ला का समर्थन करने का आरोप लगाया है।
एक बयान में, हिजबुल्ला ने कहा कि प्रतिबंधों का उद्देश्य लेबनान पर दबाव डालना है ताकि वह इजरायली आक्रामकता का विरोध करने के अपने वैध अधिकार को छोड़ दे।हिजबुल्ला ने प्रतिबंधों को लक्षित लोगों के लिए "सम्मान का प्रतीक" बताया और कहा कि इन उपायों ने उसके राजनीतिक रुख की पुष्टि की है और इससे उसकी राजनीतिक पसंद या लक्षित लोगों के काम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित